Showing posts with label #World. Show all posts
Showing posts with label #World. Show all posts

Saturday, July 16, 2022

34 द‍िन में 8540 KM का बाइक से अकेले सफर, पूर्वोत्‍तर को जानने का म‍िला अवसर  

नई द‍िल्‍ली: 6 सालों में 25 हजार क‍िलोमीटर का सफर तय करके भारत के अनछुए पहलुओं को लोगों के सामने लेकर आने के बाद सातवीं ट्र‍िप में कुछ बड़ा ही धमाका हुआ. 100 सीसी की टीवीएस स्‍पोर्टस बाइक से सातवीं बार में 8540 क‍िमी का सफर तय कर डाला, वह भी मात्र 34 द‍िन में. चूंक‍ि इतने द‍िन की छुट्टी क‍िसी भी संस्‍थान में म‍िलना मुश्‍क‍िल थी, इसल‍िए मीड‍िया की नौकरी को भी कुछ समय के ल‍िए बाय-बाय कहना पड़ा. 

नगालैंंड की जमीन पर भोपाल से गई बाइक.  

बाइक से सातवीं यात्रा पूर्वोत्‍तर भारत की थी जो 7 अप्रैल 2022 को भोपाल से शुरू हुई थी और 10 मई को भोपाल में ही खत्‍म हुई थी. इस दौरान भारत के 14 राज्‍यों और देश की राजधानी द‍िल्‍ली से गुजरना हुआ. 

मेघालय के चेरापूंंजी में बादलों के बीच से गुजरने का अनुभव. 

इस यात्रा का न‍िर्णय भी अचानक हुआ था. स‍िर्फ एक द‍िन पहले ही प्‍लान हुआ था क‍ि नॉर्थ ईस्‍ट की यात्रा करनी है. इस यात्रा को करते ही भारत के सभी 28 राज्‍यों को कवर करने का सपना पूरा होने वाला था. 10 साल पुरानी 100 सीसी बाइक से पूर्वोत्‍तर के पहाड़ों में जाना वाकई में अपने आप में चुनौती थी लेक‍िन उस चुनौती को भी सफलतापूर्वक पूरा क‍िया. इस सफर में कुल 40 हजार रुपये का खर्चा आया, उसमें भी कई लोगों ने आगे बढ़कर मदद की. इस खर्चे में बाइक का पेट्रोल, रहना, खाना, टूर‍िस्‍ट प्‍लेस की ट‍िकट शाम‍िल हैं. 

मेघालय में झरनों के बीच.

अब इसी यात्रा को शब्‍दों में प‍िरोने का काम शुरू हो रहा है. यह यात्रा 34 द‍िनों में हुई तो कोश‍िश है क‍ि इसे 34 ब्‍लॉग में पूरा ल‍िख दें. इस यात्रा में रोमांच तो है ही, साथ ही यात्रा के बाद जो हुआ, वह भी आम इंसान को समझने की जरूरत है.  

Facebook : https://www.facebook.com/ssgoyal78/
Twitter : https://twitter.com/ssgoyalat
Instagram : https://www.instagram.com/shyam_sundar_goyal/
E-Mail ID : ss.goyal78@gmail.com
Whatsapp : 9827319747
Book Published: 100 cc... https://www.amazon.in/-/hi/Shyam-Sundar-Goyal/dp/9389982006

 

  

Friday, September 21, 2018

भिखारी पॉलिटिक्स का गजबिया ज्ञान #4 #Amazingindia

अभी हाल में बहुजन समाज पार्टी की लीडर मायावती  ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को धता बनाकर पूर्व कांग्रेसी लीडर अजीत जोगी की जनता कांग्रेस से गठबंधन कर लिया है। आखिर ऐसा क्यों हुआ कि एक राष्ट्रीय पार्टी जब बीएसपी के दरवाजे पर दस्तक दे रही हो तब एक अनाम से क्षेत्रीय पार्टी के साथ गठबंधन कुछ हजम नहीं होता, लेकिन ऐसा हुआ।

हाल ही में 6 राज्यों में 4500 किमी बाइक से छत्तीसगढ़ के दूर-दराज के क्षेत्रों में घूमकर जाना कि छत्तीसगढ़, कैसे दूसरे राज्यों से अलग है, वहां जमीनी स्तर पर लोग कैसे रहते हैं, इन सब सवालों के जवाब एक भिखारी के माध्यम से आर्टिकल में देने की कोशिश की गई है...


13 अगस्त 2018 शाम 6 से रात 7 बजे तक...छत्तीसगढ़ का खजुराहो कहा जाने वाला कवर्धा जिले में भोरमदेव टेंपल का रास्ता

भोपाल से 12 अगस्त को बाइक से निकला और 13 अगस्त की शाम को भोरमदेव टेंपल पहुंचा। भोरमदेव के मंदिर के चारों तरफ खजुराहो जैसी ही कामुक प्रतिमाएं उत्कीर्ण की गईं हैं। यहां उस समय सावन का मेला चल रहा था। मंदिर को देखने के बाद जब रायपुर के लिए निकला तो अंधा भिखारी लिफ्ट लेने के लिए खड़ा था। मैं तो वैसे भी रास्ते में लिफ्ट देकर ही चलता हूं जिससे की लोकल के लोगों से बातचीत होती रहे। उसके साथ बेटी भी थी जो उसे रास्ता दिखाती थी। वह दोनों बाइक पर बैठ गए और शुरू हुई बातचीत..


इस भिखारी की बातें सुनकर पॉलिटिक्स के धुरंधरों की आखें खुल जाएंगी।
-कहां चलना है?
भिखारी-आगे 15 किमी की दूरी पर मेरा घर है, मुझे वहां तक छोड़ृ दें। मंदिर के प्रसाद के 8 किलो चावल मिले थे, उन्हें मैंने किसी और के हाथों घर भेज दिया है।
-यहां क्या रोज आते हो?
भिखारी-नहीं,बस सावन के महीने में 8 दिन मेला लगता है, उसी समय भीख के लिए आता हूं। यहां चावल चढ़ाया जाता है, उसी से काम चल जाता है?
-बाकी समय?
भिखारी-बाकी समय कुछ नहीं, बस घर पर पड़े रहते हैं।
-फिर घर कैसे चलता है?
भिखारी-रमन सिंह हर महीने चावल, कैरोसीन दे देता है। उससे घर चल जाता है।
-बाकी की जरूरतें कैसे पूरी होती हैं?
भिखारी-जब कुछ जरूरत होती है तो उनके घर चला जाता हूं। उनके बेटे अभिषेक से बात करता हूं तो कुछ मदद मिल जाती है।
-बच्चों की पढ़ाई?
भिखारी-स्कूल से ही कॉपी-किताब, ड्रेस मिलती हैं। स्कॉलरशिप भी मिलती है तो इससे काम चल जाता है। अब तो बस आवास चाहिए, उसका भी वादा किया हुआ है। अभी चुनाव आने वाले हैं, उनके घर जाकर फिर मिलता हूं। उनसे कहूंगा कि आवास दे दो तो इस बार भी तुम ही जीतोगे।
-अगर आवास नहीं दिया तो?
भिखारी-तो फिर कैसे जीतेगा, हमारे आशीर्वाद से ही तो उसे जीत मिलती है, हार नहीं जाएगा।
-वह तुम्हें आवास क्यों देगा?
भिखारी- क्योंकि उसका काम है देना।
-और तुम्हारा?
भिखारी-(इस बार जवाब देने से पहले वह कुछ देर रुका फिर बोला) हमारा काम है लेना....



(6 सालों में 23,500 किमी की दूरी तय कर 20 राज्यों में मोटरसाइकिल से भारत भ्रमण करने के बाद 'Amazingindia' सीरिज के तहत ये ऑरिजनल कंटेंट है। इसका किसी भी तरह से उपयोग करने पर कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करने का सर्वाधिकार सुरक्षित)  

Saturday, September 15, 2018

आखिर क्यों नहीं पहनतीं यहां महिलाएं ब्लॉउज #3 #Amazingindia

भोपाल. 22 सितंबर को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा में एयरपोर्ट, रेल लाइन और माइनिंग से रिलेटेड इश्यूज के लिए ओडिशा जाने वाले हैं। ये एक ऐसा राज्य है जहां एक तरफ आधुनिकता के दर्शन होते हैं तो वहीं गरीबी के लिए भी ये दुनिया में बदनाम है। आखिर क्या है ओडिशा का सच? 
 

ओडिशा में चिल्का क्षेत्र की महिला बिना ब्लॉउज के सिर्फ साड़ी में ही। 
हाल ही में 6 राज्यों में 4500 किमी बाइक से ओडिशा के दूर-दराज के क्षेत्रों में घूमकर जाना कि ओडिशा, कैसे दूसरे राज्यों से अलग है, वहां जमीनी स्तर पर लोग कैसे रहते हैं, उनके लिए विदेश क्या है? आखिर वहां कई इलाकों की महिलाएं ब्लॉउज क्यों नहीं पहनतीं? इन सब सवालों के जवाब इस आर्टिकल में देने की कोशिश की गई है...

14 अगस्त 2018 रात 7 बजकर 50 मिनट से 17 अगस्त रात 9 बजे तक...ओडिशा में 1000 किमी की बाइक राइडिंग...यहां असका से हुम्मा के बीच की स्टोरी...हुम्मा से सिर्फ 6 किमी दूर ही पदमपेट में वर्ल्ड फेमस ऑलिव रिडले समुद्री कछुओं का प्रजनन स्थल है

ओडिशा में पदमपुर कस्बे में प्रवेश करने के बाद एक चीज मुझे बार-बार चौंका रही थी। बरसात में यहां धान की खेती में महिलाएं काम कर रही थी लेकिन अपने शरीर को सिर्फ साड़ी से ही ढकें हुई थीं। पहले मैंने सोचा कि शायद ये कोई प्रथा होगी और कुछ विशेष इलाकों और बड़ी उम्र की महिलओं में ही ऐसा होता होगा लेकिन यहां तो ऐसा कुछ नहीं था। सभी उम्र की महिलाएं कई इलाकों में बिना ब्लॉउज के ही दिखीं।
असका से हुम्मा के बीच केे खेत। ओडिशा में मध्यप्रदेश से मेरी बाइक।

इस वजह से नहीं पहन पाती महिलाएं ब्लॉउज
असका से हुम्मा जाने के बीच एक जगह महिलाएं खेतों में काम कर रही थीं तो वहीं सड़क से गुजरते एक शख्स से आखिर पूछ ही लिया कि यहां ऐसा क्यों हैं? तब उसने जवाब दिया कि ये कोई प्रथा के कारण नहीं हैं। यहां गरीबी का बोल-बाला है। ये सभी महिलाएं सुबह 6 बजे से आईं है और दोपहर 12 बजे तक काम करेंगीं तब उन्हें 120 रुपए दिए जाएंगें। यदि पूरे दिन काम करेंगी तो 240 रुपए। साल के सिर्फ 2 महीने ही धान की खेती के समय इन्हें काम मिलता है, बाकी समय यहां कोई फसल नहीं होती। इसी पैसे से गुजारा करना पड़ता है। सदियों से ऐसा ही चल रहा है। अब जब पैसे ही नहीं होंगे तो वह कैसे कपड़ों पर खर्च करेंगी। यही कारण है कि एक साड़ी में ये पूरा जीवन गुजार देती हैं। बाकी के समय इन्हें 'विदेश' जाकर काम करना होता है? जब उनसे पूछा कि विदेश मतलब क्या तो उसने जवाब दिया कि आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र में जाकर काम करने को ही यहां विदेश माना जाता है।
साल में सिर्फ 2 महीने काम, मजदूरी सिर्फ 120 रुपए 
(6 सालों में 23,500 किमी की दूरी तय कर 20 राज्यों में मोटरसाइकिल से भारत भ्रमण करने के बाद 'Amazingindia' सीरिज के तहत ये ऑरिजनल कंटेंट है। इसका किसी भी तरह से उपयोग करने पर कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करने का सर्वाधिकार सुरक्षित)  


Thursday, September 6, 2018

अतीत के बंगाल का कैसा है 'वर्तमान', सियासत का बदलता चेहरा

भोपाल. देश में भीमा-कोरगांव हिंसा मामले में वामपंथी विचारधारा के पांच एक्टिविस्टों की गिरफ्तारी सुर्खियों में है। वामपंथ का उदय और स्वर्णिमकाल पश्चिम बंगाल को माना जाता है। यहीं से फैली वाम विचारधारा इतनी शक्तिशाली थी कि पश्चिम बंगाल में 35 सालों से ज्यादा टिकी रही और केंद्र में कौन प्रधानमंत्री बनेगा, उसका निर्णय भी करती थी। लेकिन क्या आज भी बंगाल ऐसा ही है? क्या वहां वामपंथ आज भी मजबूत स्थिति में है? कैसा है पश्चिम बंगाल का 'वर्तमान'?...


पश्चिम बंगाल में नंदकुमार शहर के पास का कस्बा, जहां ट्रैफिक चाैराहे पर सीएम ममता बनर्जी की तस्वीर नजर आ रही है।
हाल ही में 6 राज्यों में 4500 किमी बाइक से बंगाल के दूर-दराज के क्षेत्रों में घूमकर जाना कि बंगाल, कैसे दूसरे राज्यों से अलग है, वहां जमीनी स्तर पर लोग क्या सोचते हैं, राजनीति के प्रति उनका नजरिया क्या है, ओवरऑल बंगाल के कैसे अनुभव हुए और वहां की राजनीति का हमसे कैसा सरोकार है?

#Amazingindia सीरिज के पहले आर्टिकल में पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर रोशनी डाली थी, इस आर्टिकल में राजनीतिक व्यवस्था को महसूस करने की कोशिश की गई है।

17 अगस्त की रात से 19 अगस्त 2018 सुबह 10 बजे तक...ओडिशा-पश्चिम बंगाल बॉर्डर दीघा से कोलकाता होते हुए सिंगूर, वर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चितरंजन झारखंड बॉर्डर तक 430 किमी मोटरसाइकिल से यात्रा...

दीघा में कानून व्यवस्था की सख्ती की बात तो समझ में आ गई थी। अब वहां घूमते हुए एक चलती-फिरती पनवाड़ी की दुकान दिखाई जहां एक अधेड़ शख्स न्यूजपेपर पढ़ रहा था। जब उनसे न्यूजपेपर का नाम पूछा गया तो बताया बंगाली का 'वर्तमान'। एक समय आनंद बाजार पत्रिका की पूरे बंगाल में धूम थी लेकिन उसकी जगह अब 'वर्तमान' और 'प्रतिदिन' जैसे न्यूज पेपर ने ले ली थी।



पोस्टर वूमेन नजर आईं ममता बनर्जी
दीघा से निकलकर अब ग्रामीण इलाकों से होते हुए कोलकाता पहुंचना था। मुझे ये महसूस करना था कि देश में जिस वामपंथ की धूम है, उसकी अपने राज्य में क्या स्थिति है? पूरे 400 किमी के रास्ते में एक भी वामपंथ या उनकी पार्टी से संबंधित बैनर-पोस्टर या दीवार पर स्लोगन नजर नहीं आया। इन पूरे रास्तों पर एक ही चेहरा नजर आया जो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का था। राज्य की सड़कों पर ट्रैफिक फॉलो करने के स्लोगन थे लेकिन उनपर अनिवार्य रूप से बना था ममता का चेहरा। हाइवे के पुल से झांककर जब नीचे के शहरों को देखा तो वहां सिर्फ एक ही पोस्टर नजर आया जिसमें ममता बनर्जी कुछ कह रही थीं। बीच-बीच में कुछ ग्रामीण जगहों पर भाजपा के पोस्टर तो नजर आ गए थे लेकिन वामपंथ गायब था।
पश्चिम बंगाल में रानीगंज, यहां भी राजनीतिक पोस्टर सिर्फ सीएम ममता बनर्जी के दिखे।
कातर आंखों ने दिया सियासत के हाल का जवाब
इस चीज को नोटिस करते ही मैं एक जगह खाना खाने रूका तो सामने बैठे शख्स से कोलकाता के बारे में जानकारी लेना शुरू की। वह कोलकाता में रहता था। उसने वहां के नियम-कायदे कानून की जानकारी देना शुरू की। बाइक चलाते समय पैरों में जूते होने चाहिए। ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, गाड़ी के पेपर, पॉल्यूशन कंट्रोल यूनिट की एनओसी कंपल्सरी है नहीं तो केस बनेगा। यहां की पुलिस तो केस बनाने के बहाने ढूंढ़ती है। मैंने उससे धीरे से पूछ ही लिया कि भाई ये तो वामपंथ का गढ़ है लेकिन यहां तो उसका वजूद तक दिखाई नहीं दे रहा। उसने कातर आंखों से मेरी आंखो में देखा और धीरे से कहा - तभी तो ये हालत है और फिर चुप हो गया।

कोलकाता में घुसने से पहले एक ढाबे पर खाना खाया तो बंगाल की जानकारी स्थानीय लोगों से ली।
चेहरे के पीछे जनता एकजुट
बंगाल घूमने के बाद एक चीज तो तय हो गई कि वहां चेहरा बिकता है, वह चाहें ज्योति बसु का हो, बुद्धदेव भट्टाचार्य का हो या ममता बनर्जी का। जनता चेहरे के पीछे एकजुट होकर खड़ी होती है और विरोधियों का समूल नाश कर देती है जो पहले कभी अपने थे।

इसलिए और ऐसे बदला बंगाल
मुझे लगा कि बंगाल के बारे में जो दिख रहा है और समझ में आ रहा है, ये कहीं भ्रम तो नहीं तो फिर मप्र में वामपंथ का झंडा पीढ़ी दर पीढ़ी उठाने वाले एक शख्स से बात की जिसने पुराना बंगाल और वर्तमान का बंगाल देखा था। उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बंगाल से वामपंथ का वजूद मिट चुका है। जो कैडर्स कभी पार्टी की जान हुआ करते थे, उनकी हत्याएं हो चुकी हैं। वामपंथी पार्टी का ऑफिस कार्यालय भी जेल जैसा लगता है। टीएमसी और भाजपा के गठबंधन ने वामपंथ को मिटाने में कसर नहीं छोड़ी है। यही कारण है कि बंगाल में बीजेपी के पोस्टर तो कहीं-कहीं नजर आ जाते हैं लेकिन वामपंथ के नहीं। युवा बीजेपी की तरफ आकर्षित है और मुस्लिम और गरीब तबका टीएमसी की तरफ। अब तो वामपंथ दिल्ली और हिंदी बेल्ट की राजधानियों में बैठकर ही सुरक्षित बचा है।
अतीत और वर्तमान का कोलकाता, पश्चिम बंगाल की राजधानी।
(6 सालों में 23,500 किमी की दूरी तय कर 20 राज्यों में मोटरसाइकिल से भारत भ्रमण करने के बाद 'Amazingindia' सीरिज के तहत ये ऑरिजनल कंटेंट है। इसका किसी भी तरह से उपयोग करने पर कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करने का सर्वाधिकार सुरक्षित)  

Wednesday, November 30, 2016

Solo #Biking: इन्हें कहा जाता है कलयुग के श्रीकृष्ण, जब पुलिसकर्मियों ने मुझे ठहरा दिया नशे का सौदागर

                      केदारनाथ ज्योर्तिलिंग की बाइक से 3850 किलोमीटर की अकेले रोमांचक यात्रा


                                         PART-16 भिवानी से अजमेर तक का सफर


30 नवंबर, भोपाल। भोपाल से 30 मई को यात्रा पर निकलने के बाद 30 की रात को ही 231 किमी की दूरी तय कर चंदेरी पहुंचा। उसके बाद दूसरे दिन 31 मई को 371 किमी की दूरी तय कर आगरा पहुंचा। 1 जून को आगरा से हस्तिनापुर 319 किमी की दूरी तय कर पहुंचा। 2 जून को 305 किमी की यात्रा कर हस्तिनापुर से रुद्रप्रयाग पहुंचा। 

3 जून को रुद्रप्रयाग से चला और 77 किमी दूर गौरीकुंड पहुंचा। यहां से केदारनाथ मंदिर की 16 किमी की चढ़ाई शुरू की। 3 जून की शाम केदारनाथ धाम पहुंच गया। 4 जून को वापस केदारनाथ से चला। 16 किमी की पैदल यात्रा के बाद 198 किमी बाइक चलाकर उत्तराखंड के शिवपुरी में आया। यहीं नदी के बीचों-बीच कैंप में ठहरा। 5 जून को शिवपुरी में रिवर राफ्टिंग करने के बाद नीलकंठ महादेव, ऋषिकेश, हरिद्वार होते हुए 198 किमी बाइक चलाकर देहरादून पहुंचा। 6 जून को देहरादून से चला। दोपहर में पावंटा साहिब पहुंचा। फिर वहां से चंडीगढ़ होते हुए कुरुक्षेत्र तक का सफर किया। इस दिन कुल 364 किमी बाइक चलाई। 7 जून को कुरुक्षेत्र देखते हुए पानीपत पहुंचा। यहां पानीपत के युद्धस्थलों को देखने के बाद आगे बढ़ा। पानीपत के बाद जींद, राखीगढ़ी, हांसी होते हुए भिवानी पहुंचा। इस तरह इस दिन 283 किमी की दूरी तय की। 8 जून को भिवानी के पास हड़प्पा सभ्यता का स्थल मीतात्थल देखा। अब आगे..

जयपुर का हवा महल। 8 जून 2016।


मीतात्थल से वापस भिवानी आकर अब आगे के सफर की तैयारी शुरु की। सुबह 9 बजे इस शहर को छोड़कर आगे बढ़ गए। सुबह साढ़े 10 बजे लोहारु पहुंचा। यह हरियाणा और राजस्थान का बॉर्डर है। 

भिवानी में देवीलाल की प्रतिमा।

लोहारु।

लोहारु शहर।

इस की वजह से करीब 15 मिनट तक ट्रैफिक रुका रहा।
 लाेहारु शहर पार करते ही राजस्थान की झलक दिखने लगी थी। गर्मी तेज पड़ने लगी थी। हर जगह कंटीली झाड़ियां नजर आने लगी थी। 10 बजकर 50 मिनट पर हरियाणा-राजस्थान बॉर्डर पर था। यहां से अब अागे राजस्थान में सफर शुरु करना था। 

हरियाणा-राजस्थान बार्डर।


अब प्यास भी तेज लगने लगी। एक जगह प्याऊ दिखाई दिया लेकिन ये पानी की अपने आप में अनोखी व्यवस्था थी। 8 मटकों को इस तरह पाइप से जोड़ा गया था कि सभी का पानी एक ही नल से निकल रहा था। इस तरह ताजा पानी पूरे दिन उपलब्ध हो जाता था। गर्मी में ठंडा पानी, इस रेगिस्तान में और क्या चाहिए। 



अब गर्मी तेज पड़ने लगी थी। जून का महीना चल रहा था और राजस्थान में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी था। मैं भी गर्मी से परेशान होने लगा तो अपने जूतों में पानी भर लिया। हर तरफ से खुद को ढंक लिया था लेकिन धूप की तेजी का क्या? आधा घंटे में ही जूतों में भरा पानी भाप बनकर उड़ गया। हर 15 मिनट पर गला सूख रहा था और पानी की जरूरत पड़ती थी। रेतीली हवाएं भी चलना शुरू हो गई थीं। 


झुंझनू।


किसी तरह दोपहर 12 बजे झुंझनू पहुंचा। यहां गन्ने का रस पीकर थोड़ा तरोताजा हुआ। अब यहां से खाटू श्यामजी जाने के लिए दो रास्ते थे। एक सीकर होकर, दूसरा खंडेला होकर। मैं इस दूसरे रास्ते से आगे बढ़ा। रास्ते में गधे से चलने वाली गाडि़यां दिखाई देने लगी थीं। 

झुंझनू।





गधा गाड़ी।



दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर पेट्रोल पंप पर रुका। यहां टंकी को फुल करवाया। इस पंप के चारों तरफ रेत ही रेत नजर आ रही थी। 





यहां से आगे बढ़ा तो अब रेगिस्तान के जहाज ऊंट दिखाई देने लगे थे। 




रास्ते में अरावली पर्वतमाला मिली। ये पर्वत कभी विंध्याचल पर्वतमाला से भी ऊंचे थे लेकिन घिस-घिसकर कम ऊंचे रह गए हैं। 

अरावली पर्वतमाला।
 सवा 2 बजे खंडेला में पहुंचा। ये एक कस्बा लग रहा था। यहीं पर गाड़ी पंक्चर हो गई। किस्मत से पास में ही पंचर की दुकान मिल गई। वहीं पास में बैग सिलने की दुकान भी थी। यहां बैग की डोरी सिलवाई जो केदारनाथ से आते समय टूट गई थी। इस वजह से बैग फटता जा रहा था। 

खंडेला।


थोड़ी-थोड़ी देर में दो पंचर।
पंचर बनवाने के बाद खंडेला से आगे बढ़ा। करीब 5 किमी आगे जाने के बाद वही ट्यूब फिर फट गया। ट्यूब को बनवाने के लिए फिर से उसी दुकान पर वापस आया लेकिन इस बार ट्यूब पूरी तरह नष्ट हो गया था और उसके पास दूसरा ट्यूब भी नहीं था। फिर करीब 2 किमी ऐसे ही गाड़ी चलाकर एक दुकान पर गया। उसके पास भी ट्यूब नहीं था लेकिन उसने कहीं और से व्यवस्था कर दी। हालांकि इसके लिए मुझे 150 रुपए के 350 रुपए देने पड़े। 



इस घटना के बाद मुझे गर्मी में एक घंटे की राहत मिल गई। मैं उसी दुकान पर सो गया। इधर गाड़ी में काम होता रहा, उधर में राजस्थानी गानों को सुनते हुए नींद पूरी करने लगा। 



सवा 4 बजे खंडेला से गाड़ी सही कराके निकला। यहां मुझे रास्ते में कई ढाणियां नजर आई हैं जिनके नाम अजीब से थे। 



पौने 5 बजे मैं खाटूश्याम जी के दरबार में पहुंच गया। यहां मंदिर में खाटूश्याम जी के दर्शन किए। खाटूश्यामजी को तीन बाणधारी कहा जाता है और जिन्हें हार प्राप्त होती है, उन्हें जिताने वाला कहा जाता है। यहां चोर भी चाेरी करने के बाद इनका हिस्सा चढ़ाते हैं। यहां हरियाणा से श्रद्धालु पैदल चलकर आते हैं। 


खाटू श्यामजी।



खाटू श्याम जी को कहा जाता है कलयुग में कृष्ण का अवतार

हिन्दू धर्म के अनुसार, खाटू श्याम जी कलियुग में कृष्ण के अवतार हैं, जिन्होंने श्री कृष्ण से वरदान प्राप्त किया था कि वे कलियुग में उनके नाम श्याम से पूजे जाएँगे। श्री कृष्ण बर्बरीक के महान बलिदान से काफ़ी प्रसन्न हुए और वरदान दिया कि जैसे-जैसे कलियुग का अवतरण होगा, तुम श्याम के नाम से पूजे जाओगे। 

खाटूश्याम जी।

तीन बाणधारी के नाम से प्रसिद्ध नाम प्राप्त किया
श्री श्याम बाबा की अपूर्व कहानी मध्यकालीन महाभारत से आरम्भ होती है। वे पहले बर्बरीक के नाम से जाने जाते थे। वे अति बलशाली गदाधारी भीम के पुत्र घटोत्कच और नाग कन्या मौरवी के पुत्र हैं। बाल्यकाल से ही वे बहुत वीर और महान योद्धा थे। उन्होंने युद्ध कला अपनी माँ तथा श्री कृष्ण से सीखी। भगवान् शिव की घोर तपस्या करके उन्हें प्रसन्न किया और तीन अमोघ बाण प्राप्त किये; इस प्रकार तीन बाणधारी के नाम से प्रसिद्ध नाम प्राप्त किया। अग्निदेव प्रसन्न होकर उन्हें धनुष प्रदान किया, जो उन्हें तीनों लोकों में विजयी बनाने में समर्थ थे।

कुरूक्षेत्र की रणभूमि की ओर चल पड़े
महाभारत का युद्ध कौरवों और पाण्डवों के मध्य अपरिहार्य हो गया था, यह समाचार बर्बरीक को प्राप्त हुए तो उनकी भी युद्ध में सम्मिलित होने की इच्छा जागृत हुई। जब वे अपनी माँ से आशीर्वाद प्राप्त करने पहुँचे तब माँ को हारे हुए पक्ष का साथ देने का वचन दिया। वे अपने नीले रंग के घोड़े पर सवार होकर तीन बाण और धनुष के साथ कुरूक्षेत्र की रणभूमि की ओर चल पड़े।

जो पक्ष निर्बल और हार रहा होगा उसी को अपना साथ देगा
सर्वव्यापी श्री कृष्ण ने ब्राह्मण भेष धारण कर बर्बरीक के बारे में जानने के लिए उन्हें रोका और यह जानकर उनकी हँसी उड़ायी कि वह मात्र तीन बाण से युद्ध में सम्मिलित होने आया है; ऐसा सुनकर बर्बरीक ने उत्तर दिया कि मात्र एक बाण शत्रु सेना को परास्त करने के लिए पर्याप्त है और ऐसा करने के बाद बाण वापस तूणीर में ही आएगा। यदि तीनों बाणों को प्रयोग में लिया गया तो पूरे ब्रह्माण्ड का विनाश हो जाएगा। यह जानकर भगवान् कृष्ण ने उन्हें चुनौती दी की इस वृक्ष के सभी पत्तों को वेधकर दिखलाओ। वे दोनों पीपल के वृक्ष के नीचे खड़े थे। बर्बरीक ने चुनौती स्वीकार की और अपने तूणीर से एक बाण निकाला और ईश्वर को स्मरण कर बाण पेड़ के पत्तों की ओर चलाया। बाण ने क्षणभर में पेड़ के सभी पत्तों को वेध दिया और श्री कृष्ण के पैर के इर्द-गिर्द चक्कर लगाने लगा, क्योंकि एक पत्ता उन्होंने अपने पैर के नीचे छुपा लिया था; बर्बरीक ने कहा कि आप अपने पैर को हटा लीजिए अन्यथा ये बाण आपके पैर को भी वेध देगा। तत्पश्चात, श्री कृष्ण ने बालक बर्बरीक से पूछा कि वह युद्ध में किस ओर से सम्मिलित होगा; बर्बरीक ने अपनी माँ को दिये वचन को दोहराया और कहा युद्ध में जो पक्ष निर्बल और हार रहा होगा उसी को अपना साथ देगा। श्री कृष्ण जानते थे कि युद्ध में हार तो कौरवों की निश्चित है और इस कारण अगर बर्बरीक ने उनका साथ दिया तो परिणाम गलत पक्ष में चला जाएगा।

शीश के दानी कहलाये
अत: ब्राह्मणरूपी श्री कृष्ण ने वीर बर्बरीक से दान की अभिलाषा व्यक्त की। बर्बरीक ने उन्हें वचन दिया और दान माँगने को कहा। ब्राह्मण ने उनसे शीश का दान माँगा। वीर बर्बरीक क्षण भर के लिए अचम्भित हुए, परन्तु अपने वचन से अडिग नहीं हो सकते थे। वीर बर्बरीक बोले एक साधारण ब्राह्मण इस तरह का दान नहीं माँग सकता है, अत: ब्राह्मण से अपने वास्तिवक रूप से अवगत कराने की प्रार्थना की। ब्राह्मणरूपी श्री कृष्ण अपने वास्तविक रूप में आ गये। श्री कृष्ण ने बर्बरीक को शीश दान माँगने का कारण समझाया कि युद्ध आरम्भ होने से पूर्व युद्धभूमि पूजन के लिए तीनों लोकों में सर्वश्रेष्ठ क्षत्रिय के शीश की आहुति देनी होती है; इसलिए ऐसा करने के लिए वे विवश थे। बर्बरीक ने उनसे प्रार्थना की कि वे अन्त तक युद्ध देखना चाहते हैं। श्री कृष्ण ने उनकी यह प्रार्थना स्वीकार कर ली। श्री कृष्ण इस बलिदान से प्रसन्न होकर बर्बरीक को युद्ध में सर्वश्रेष्ठ वीर की उपाधि से अलंकृत किया। उनके शीश को युद्धभूमि के समीप ही एक पहाड़ी पर सुशोभित किया गया; जहाँ से बर्बरीक सम्पूर्ण युद्ध का जायजा ले सकते थे। फाल्गुन माह की द्वादशी को उन्होंने अपने शीश का दान दिया था इस प्रकार वे शीश के दानी कहलाये।

बर्बरीक का शीश सम्पूर्ण युद्ध का साक्षी
महाभारत युद्ध की समाप्ति पर पाण्डवों में ही आपसी विवाद होने लगा कि युद्ध में विजय का श्रेय किसको जाता है? श्री कृष्ण ने उनसे कहा बर्बरीक का शीश सम्पूर्ण युद्ध का साक्षी है, अतएव उससे बेहतर निर्णायक भला कौन हो सकता है? सभी इस बात से सहमत हो गये और पहाड़ी की ओर चल पड़े, वहाँ पहुँचकर बर्बरीक के शीश ने उत्तर दिया कि श्री कृष्ण ही युद्ध में विजय प्राप्त कराने में सबसे महान पात्र हैं, उनकी शिक्षा, उपस्थिति, युद्धनीति ही निर्णायक थी। उन्हें युद्धभूमि में सिर्फ उनका सुदर्शन चक्र घूमता हुआ दिखायी दे रहा था जो शत्रु सेना को काट रहा था। महाकाली, कृष्ण के आदेश पर शत्रु सेना के रक्त से भरे प्यालों का सेवन कर रही थीं।

कलियुग में तुम श्याम नाम से जाने जाओगे
श्री कृष्ण वीर बर्बरीक के महान बलिदान से काफी प्रसन्न हुए और वरदान दिया कि कलियुग में तुम श्याम नाम से जाने जाओगे, क्योंकि उस युग में हारे हुए का साथ देने वाला ही श्याम नाम धारण करने में समर्थ है।

खुदाई के बाद वह शीश प्रकट हुआ
उनका शीश खाटू नगर (वर्तमान राजस्थान राज्य के सीकर जिला) में दफ़नाया गया इसलिए उन्हें खाटू श्याम बाबा कहा जाता है। एक गाय उस स्थान पर आकर रोज अपने स्तनों से दुग्ध की धारा स्वतः ही बहा रही थी। बाद में खुदाई के बाद वह शीश प्रकट हुआ, जिसे कुछ दिनों के लिए एक ब्राह्मण को सूपुर्द कर दिया गया। एक बार खाटू नगर के राजा को स्वप्न में मन्दिर निर्माण के लिए और वह शीश मन्दिर में सुशोभित करने के लिए प्रेरित किया गया। तदन्तर उस स्थान पर मन्दिर का निर्माण किया गया और कार्तिक माह की एकादशी को शीश मन्दिर में सुशोभित किया गया, जिसे बाबा श्याम के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। मूल मंदिर 1027 ई. में रूपसिंह चौहान और उनकी पत्नी नर्मदा कँवर द्वारा बनाया गया था। मारवाड़ के शासक ठाकुर के दीवान अभय सिंह ने ठाकुर के निर्देश पर 1720 ई. में मंदिर का जीर्णोद्धार कराया। मंदिर इस समय अपने वर्तमान आकार ले लिया और मूर्ति गर्भगृह में प्रतिस्थापित किया गया था। मूर्ति दुर्लभ पत्थर से बना है। खाटूश्याम परिवारों की एक बड़ी संख्या के परिवार देवता है।





खाटू श्यामजी।
शीश के दानी
जब श्री कृष्ण ने उनसे उनके शीश की मांग की तो उन्होंने अपना शीश बिना किसी झिझक के उनको अर्पित कर दिया और भक्त उन्हें शीश के दानी के नाम से पुकारने लगे। श्री कृष्ण पाण्डवों को युद्ध में विजयी बनाना चाहते थे। बर्बरीक पहले ही अपनी माँ को हारे हुए का साथ देने का वचन दे चुके थे और युद्ध के पहले एक वीर पुरुष के सिर की भेंट युद्धभूमिपूजन के लिए करनी थी इसलिए श्री कृष्ण ने उनसे शीश का दान मांगा।

लखदातार
भक्तों की मान्यता रही है कि बाबा से अगर कोई वस्तु मांगी जाती है तो बाबा लाखों-लाख देते हैं इसीलिए उन्हें लखदातार के नाम से भी जाना जाता है।

हारे का सहारा
जैसा कि इस आलेख मे बताया गया है बाबा ने हारने वाले पक्ष का साथ देने का प्रण लिया था, इसीलिए बाबा को हारे का सहारा भी कहा जाता है।

मोरछड़ी धारक
बाबा हमेशा मयूर के पंखों की बनी हुई छड़ी रखते हैं इसलिए इन्हें मोरछड़ी वाला भी कहते हैं।



खाटूश्यामजी के दर्शन कर शाम 6 बजे आगे की सफर पर चला। अब यहां से जयपुर कुछ ही दूरी पर था। रास्ते में एक तरबूज की दुकान पर रुका और इन्हें खाकर गर्मी शांत की। 





सवा 7 बजे मैं जयपुर शहर के प्रवेश द्वार पर था। यहां एक मन किया कि सीधे अजमेर निकला जाए। जयपुर मैं  2 बार आकर घूम चुका था। यहां के किले और अन्य घूमने की जगह देख चुका था। लेकिन फिर मन किया जब यहां तक आए हैं तो कम से कम हवा महल तो देख ही आएं। 


जयपुर शहर।
यहां तक फोटो और वीडियो से मोबाइल कार्ड भर चुका था। एक मोबाइल की दुकान से 16 जीबी का कार्ड खरीदा। यहीं पर मैंने अपने मामा को फोन लगाया जो यहीं सरकारी हाॅस्पिटल में डॉक्टर हैं और नाना भी यहीं रहते थे जो सीबीआई से रिटायर हाेकर यहीं बस गए। उनसे बात ही नहीं हो सकी और उनका घर भी विपरीत दिशा में था इसलिए वहां न जाकर आगे हवा महल चला गया। 





यहां पर मेट्रो रेल चलने लगी थी। इससे पहले 12 साल पहले जयपुर आया था। तब से काफी बदल चुका था जयपुर शहर। साढ़े 8 बजे शहर पार करने के बाद हवा महल पहुंचा। यहां कुछ कपड़ों की खरीदारी की और आधा घंटा यहां बिताने के बाद 9 बजे जयपुर से चल दिया। अब अगली मंजिल थी यहां से 125 किमी दूर अजमेर। मुझे अजमेर रात में ही पहुंचना था। 

जयपुर मेट्रो ट्रेन।

गुलाबी नगरी, जयपुर।

जयपुर शहर।


हवा महल।

हवा महल, जयपुर।
यहां से जयपुर-अजमेर हाइवे पर पहुंचा। रास्ते में थोड़ी देर के लिए एक होटल पर खाने के लिए रुका। भूख ज्यादा नहीं थी इसलिए सिर्फ चाय पीकर आगे चल दिया। 

राजमंदिर सिनेमा।

जयपुर-अजमेर हाइवे के इस होटल पर किया रेस्ट।

चाय की तलब।

जब हाइवे पर 110 की स्पीड पर चली 100 सीसी की बाइक
इस हाइवे पर मैंने अभी तक की सबसे तेज ड्राइविंग की। 100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से टीवीएस बाइक को दौड़ाया। रात होने की वजह से सड़कें सुनसान पड़ी थी। 125 किमी की दूरी मात्र डेढ़ घंटे में तय की। एवरेज स्पीड थी 80 किमी प्रति घंटा। इससे पहले इतनी तेज गाड़ी मैंने भोपाल से गुजरात के सफर पर चलाई थी। गुजरात के मांडवी से भुज के बीच की रात में 65 किमी की दूरी 50 मिनट में तय की थी। कोई ब्रेक नहीं और 90 की स्पीड। 

पुलिसकर्मी बोले-हमें तो बैग में स्मैक नजर आ रही है
साढ़े 11 बजे अजमेर शहर पहुंच गया। शहर में प्रवेश करने से पहले ही कुछ पुलिसकर्मियों ने मेरी गाड़ी रोक ली। उन्होंने पूछा कि कहां से आ रहे हो तो मैंने कहा कि भोपाल से। वह बोले के बावले हो गए हो कि, बाइक से भोपाल से चले आ रहे हो। बैग में क्या है? मैंने कहा कि कपड़े और कुछ जरुरी सामान है। वह बोला कि हमें तो इसमें स्मैक नजर आ रही है। बैग के अंदर नशे का सामान तो नहीं भरा। मैंने कहा कि खोलकर देख लो और अपना परिचय दिया। उसके बाद भी वह थोड़ा ठंडा हुआ। बैग तो उसने खोलकर नहीं देखा। फिर उसने शहर के अंदर जाने दिया और पूछा कि अब कहां जाकर ठहरोगे तो मैंने कहा कि जैसे आपने रोककर शहर के बारे में बताया है, वैसे ही कोई और भी मुझे मेरी मंजिल तक पहुंचा देगा। पुलिसकर्मी हंस कर रह गया। 

अजमेर। खाना खाने के बाद पौने 1 बजे वापस लॉज लौट कर आया।
थोड़ा सा आगे चला तो एक ऑटो वाला आ गया। उसने मुझे रेलवे स्टेशन के पास एक लॉज में ठहरा दिया। कमरा 500 रुपए में मिल गया। वहीं सामान रखकर फिर खाना खाने के लिए गया। रात को पौने एक बजे वापस आकर सो गया। सुबह जल्दी उठकर पुष्कर जो जाना था।  इस तरह आज 506 किलोमीटर की दूरी बाइक से तय की। 



आगे की यात्रा अगले लेख में....



---------------------

-PART-13  कुरुक्षेत्र से पानीपत तक का सफर:यहां चाय वाला रखता है 45 हजार का मोबाइल, पानीपत की युद्ध भूमि का बना साक्षी



-PART-11 देहरादून से कालसी होते हुए पावंटा साहिब तक का सफर: सम्राट अशोक के कालसी शिलालेख में है राजा और प्रजा का रिलेशन, गुरु गोविंद सिंह से जुड़ा हैं पावंटा साहिब

-PART-10 शिवपुरी (उत्तराखंड) से देहरादून का सफर: जंगल कैंप और रिवर राफ्टिंग का रोमांचक अहसास, भगवान शिव ने पिया था यहीं विष का प्याला